बोईसर में अतिक्रमण के खिलाफ कड़ा अभियान, 5, 12 और 19 अगस्त को होगी कार्रवाई

बोईसर : शहर के बढ़ते विस्तार के साथ नागरिकों और वाहनों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। ऐसे में सड़कों पर बढ़ती यातायात समस्या और फुटपाथों पर हुए अतिक्रमण नागरिकों के लिए गंभीर परेशानी बनते जा रहे हैं। इसी को देखते हुए बोईसर ग्रामपंचायत ने अतिक्रमण के खिलाफ विशेष निष्कासन अभियान चलाने का निर्णय लिया है।
ग्रामपंचायत के अनुसार सड़क और फुटपाथ पर अनधिकृत स्टॉल, हाथगाड़ी, दुकानों के बाहर लगाए गए शेड तथा अन्य सामान के कारण पैदल चलने वाले नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ ही दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ रहा है।
ग्रामपंचायत की ओर से 5, 12 और 19 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजे अतिक्रमण हटाने की कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान सड़क और फुटपाथ पर किए गए अनधिकृत कब्जों को हटाया जाएगा।
खुद अतिक्रमण हटाने की अपील ग्रामपंचायत ने फेरीवालों, व्यापारियों, स्टॉलधारकों और अन्य व्यवसायियों से प्रशासनिक कार्रवाई से पहले अपने स्तर पर सड़क और फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो ग्रामपंचायत और पुलिस प्रशासन की ओर से कार्रवाई की जाएगी।


कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण का सामान जब्त किया जा सकता है। साथ ही अतिक्रमण हटाने में आने वाला खर्च और संबंधित दंड भी संबंधित व्यक्ति से वसूल किया जाएगा। ग्रामपंचायत ने नागरिकों से भी इस अभियान में सहयोग करने की अपील की है। शहर को स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित और यातायात की दृष्टि से व्यवस्थित बनाने के लिए सड़क व फुटपाथ को अतिक्रमणमुक्त रखना जरूरी बताया गया है। बोईसर के सुव्यवस्थित विकास और नागरिकों की सुरक्षा के लिए यह अभियान महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। ग्रामपंचायत ने इस अभियान की जानकारी अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचाने के लिए प्रसारमाध्यमांनी सहकार्य करने की भी अपील की है।

Share on:

Leave a Comment