पालघर : योग, संगीत और भारतीय संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सक्रिय योगीराज भारत भूषण भारतेंदु अब सिनेमा के माध्यम से अपनी रचनात्मक यात्रा को एक नए आयाम देने जा रहे हैं। उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘योगी हिंदुस्तानी’ जल्द ही निर्माण प्रक्रिया में प्रवेश करने जा रही है। फिल्म को थ्रिलर और समाजोपयोगी कथा के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिसमें मनोरंजन के साथ भारतीय जीवन-मूल्यों, संस्कृति और समकालीन सामाजिक विषयों को भी प्रमुखता दी जाएगी।
योगीराज भारत भूषण भारतेंदु योग और आध्यात्मिक क्षेत्र के साथ-साथ संगीतकार, गायक और रचनात्मक कलाकार के रूप में भी लंबे समय से सक्रिय हैं। करीब 21 वर्ष पहले उन्होंने हिंदी फीचर फिल्म ‘तुम्हारी गंगा’ से जुड़े संगीत में योगदान दिया था और दो गीतों सहित टाइटल सॉन्ग को अपनी आवाज दी थी। अब लंबे अंतराल के बाद वह एक बार फिर फिल्म जगत में अपनी रचनात्मक यात्रा को आगे बढ़ाने की तैयारी में हैं।
इसी क्रम में योगीराज भारत भूषण भारतेंदु की प्रख्यात गीतकार एवं लेखक जावेद अख्तर से मुलाकात हुई। इस दौरान उन्होंने आगामी फिल्म ‘योगी हिंदुस्तानी’ के लिए गीत लेखन का आग्रह भी किया। फिल्म के गीत और संगीत को लेकर विशेष तैयारी की जा रही है।
कहानी, संगीत और संस्कृति का होगा समन्वय
योगीराज भारतेंदु का मानना है कि सिनेमा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि विचार, संवेदना, संस्कृति और सामाजिक जागरूकता को व्यापक स्तर तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम भी है। इसी सोच के साथ ‘योगी हिंदुस्तानी’ में कहानी, संगीत, गीत और भारतीय सांस्कृतिक दृष्टिकोण का समन्वय करने की योजना है। फिल्म को आधुनिक सिनेमाई भाषा में प्रस्तुत करते हुए युवा पीढ़ी, परिवार और आम दर्शकों तक भारतीय मूल्यों तथा सामाजिक संदेश को पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। निर्माताओं के अनुसार फिल्म की कथा में रहस्य और रोमांच के साथ सामाजिक सरोकारों को भी स्थान दिया जाएगा।
चरणबद्ध तरीके से सामने आएंगी जानकारियां
योगीराज भारत भूषण भारतेंदु ने कहा, “योग मेरे लिए केवल साधना नहीं, बल्कि जीवन को जोड़ने की कला है। संगीत भावनाओं को जोड़ता है और सिनेमा उन भावनाओं एवं विचारों को करोड़ों लोगों तक पहुंचाने का माध्यम बन सकता है। ‘योगी हिंदुस्तानी’ के माध्यम से हम मनोरंजन के साथ ऐसा संदेश देना चाहते हैं, जो समाज को सोचने, जुड़ने और सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में प्रेरित करे।” फिल्म की कहानी, निर्देशन, कलाकारों, संगीत और निर्माण से जुड़ी अन्य जानकारियां चरणबद्ध तरीके से सार्वजनिक की जाएंगी। फिल्म की तैयारियों के साथ इसके गीत-संगीत पर भी विशेष रूप से काम किया जा रहा है।
‘योगी हिंदुस्तानी’ — एक कहानी, एक रहस्य, एक सामाजिक संदेश और भारतीय संस्कृति की नई सिनेमाई यात्रा।






