पालघर के वसई-विरार शहर महानगरपालिका (वीवीएमसी) क्षेत्र के कराटे खिलाड़ी कनिष्क द्विवेदी ने अपनी प्रतिभा से जिले का नाम रोशन किया है। कनिष्क ने कराटे-डू असोसिएशन ऑफ महाराष्ट्र (काम) द्वारा नाशिक के आडगांव नाका स्थित डिविजनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित ‘महाराष्ट्र राज्य सब-जूनियर, कैडेट व जूनियर कराटे अजिंक्यपद स्पर्धा 2026-27’ में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया है।

9 और 10 मई 2026 को आयोजित इस दो दिवसीय स्पर्धा में कनिष्क ने कैडेट वर्ग की 63 किग्रा कुमाते में कड़े मुकाबलों में जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही उन्होंने अब आगामी नेशनल चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई कर लिया है, जहां वे महाराष्ट्र का प्रतिनिधित्व करेंगे। कनिष्क द्विवेदी यू एस ओस्तवाल अकादमी के छात्र हैं। उनकी इस उपलब्धि के पीछे उनके कोच यश रेवडेकर का कुशल मार्गदर्शन और उनकी कड़ी मेहनत रही है। कनिष्क को उनके शुभचिंतकों ने बधाई दी है। साथ ही आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दी हैं।





