पालघर। केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी एवं जलमार्ग मंत्रालय के सचिव विजय कुमार ने पालघर जिले के वाढवण बंदर परियोजना का दौरा कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने वरोर क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए परियोजना स्थल पर चल रहे विभिन्न कार्यों की जानकारी ली।
इस दौरान जवाहरलाल नेहरू पोर्ट प्राधिकरण (जेएनपीए) के अध्यक्ष एवं वाढवण पोर्ट प्रोजेक्ट लिमिटेड (वीपीपीएल) के अध्यक्ष व प्रबंध निदेशक गौरव दयाल, जिलाधिकारी डॉ. इंदुरानी जाखड़, पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख, वीपीपीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रविश कुमार सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सचिव ने तटीय भराव, ब्रेकवॉटर निर्माण, बाहरी संपर्क मार्ग, भूमि अधिग्रहण और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न हितधारकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। विजय कुमार ने परियोजना को समय पर पूरा करने के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने और निर्माण कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया।






