महाराष्ट्र के पालघर जिले के दहानू स्थित धानीवारी गांव के पास मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर रविवार शाम करीब 4 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे 30 से 40 यात्रियों से भरे आयशर टेम्पो की कंटेनर ट्रेलर से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। प्रशासन के अनुसार, आयशर टेम्पो गलत दिशा में जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे कंटेनर ट्रेलर ने नियंत्रण खो दिया और कंटेनर बॉक्स टेम्पो के बाईं ओर जा भिड़ा। हादसे में एक मोटरसाइकिल भी चपेट में आ गई।
घटना के तुरंत बाद पुलिस, प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया गया। 14 घायलों को दहानू के वेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य घायलों को कासा उपजिला अस्पताल भेजा गया है।मृतकों में पुरुष, महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। जिला प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। वहीं महाराष्ट्र सरकार ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर संवेदनाएं व्यक्त कीं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।






