कांग्रेस ने पालघर जिले में संगठन को नई धार देने के उद्देश्य से युवा चेहरे पर बड़ा भरोसा जताते हुए 35 वर्षीय कैप्टन सत्यम ठाकुर को जिला कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। वाणगांव निवासी कैप्टन सत्यम ठाकुर की नियुक्ति को पार्टी में नई सोच,नई ऊर्जा और युवा नेतृत्व के उभार के रूप में देखा जा रहा है। इसके साथ ही कैप्टन कांग्रेस के इतिहास में सबसे युवा जिलाध्यक्षों में शामिल हो गए है।
कैप्टन की युवाओं और कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत पकड़ मानी जाती है। संगठनात्मक सक्रियता और जमीनी जुड़ाव के दम पर पहचान बनाने वाले कैप्टन सत्यम ठाकुर से पार्टी को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस एक बार फिर गांव से लेकर शहर तक अपनी राजनीतिक ताकत को मजबूत करेगी। युवाओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत पकड़ रखने वाले कैप्टन सत्यम ठाकुर अब संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने की तैयारी में जुट गए हैं। पार्टी को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में युवाओं, छात्रों और ग्रामीण क्षेत्रों में कांग्रेस को नई मजबूती मिलेगी। कैप्टन सत्यम ठाकुर की नियुक्ति पर कांग्रेस पदाधिकारियों,कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए पार्टी नेतृत्व का आभार जताया।
नियुक्ति के बाद कैप्टन सत्यम ठाकुर ने कहा, “कांग्रेस विचारधारा को हर गांव और हर युवा तक पहुंचाना मेरी प्राथमिकता होगी। वरिष्ठ नेताओं के अनुभव और युवाओं की ऊर्जा को साथ लेकर संगठन को मजबूत किया जाएगा। पालघर के किसानों, मछुआरों, आदिवासी समाज और बेरोजगार युवाओं के मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा।”
उन्होंने कहा कि जिलेभर के कॉलेजों में एनएसयूआई के माध्यम से युवाओं को जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। “आज का युवा रोजगार, शिक्षा और भविष्य को लेकर चिंतित है। कांग्रेस उनकी आवाज को मजबूती से उठाने का काम करेगी। कॉलेज स्तर पर संवाद कार्यक्रम और सदस्यता अभियान शुरू किए जाएंगे।
पायलट से राजनीति तक सफर
वाणगांव निवासी कैप्टन सत्यम ठाकुर ने अमेरिका में पायलट के तौर पर अपने करियर की शुरुआत की थी। विमानन क्षेत्र में काम करने के बाद उन्होंने सामाजिक और राजनीतिक जीवन में सक्रिय भूमिका निभाई और कांग्रेस से जुड़ गए। संगठन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाते हुए उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई। अब जिला कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद पार्टी को उनसे नई राजनीतिक ऊर्जा और मजबूत संगठन की उम्मीद है।






