महंगाई पर पालघर कांग्रेस का हल्लाबोल,लोगों को मेलोडी देकर कैप्टन बोले- आम आदमी का जीना हुआ मुश्किल

Headlines18

बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ रही कीमतों और रोजमर्रा की वस्तुओं के दामों में हो रही बेतहाशा वृद्धि के विरोध में गुरुवार को पालघर शहर में जिला कांग्रेस ने अनोखे अंदाज में आंदोलन किया। आंबेडकर चौक स्थित भारत पेट्रोल पंप के बाहर आयोजित इस प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आम लोगों को ‘मेलोडी’ चॉकलेट बांटकर केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई।
आंदोलन का नेतृत्व कांग्रेस के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष कैप्टन सत्यम ठाकूर ने किया, जबकि ओबीसी सेल के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. यशपाल भिंगे मुख्य रूप से मौजूद रहे। इस दौरान कोकण विभाग अध्यक्ष शंभू म्हात्रे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि महंगाई ने आम आदमी और मध्यमवर्गीय परिवारों की कमर तोड़ दी है। खाद्य तेल, दाल, अनाज, मसाले और अन्य जीवनावश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन सरकार इस ओर ध्यान देने के बजाय केवल प्रचार में व्यस्त है।

डॉ. यशपाल भिंगे ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय हालातों का हवाला देकर पेट्रोल और डीजल की कीमतें लगातार बढ़ाई जा रही हैं। आज पेट्रोल की कीमत 114 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच गई है, जिससे आम नागरिकों पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है।
वहीं कांग्रेस के जिलाध्यक्ष कैप्टन सत्यम ठाकूर ने कहा कि बेरोजगारी और अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, जबकि सरकार उद्घाटन और प्रचार में व्यस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम जनता महंगाई से परेशान है, लेकिन सरकार उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने में लगी हुई है।
प्रदर्शन के दौरान ‘मेलोडी’ चॉकलेट वितरण को लेकर कांग्रेस नेताओं ने तंज कसते हुए कहा कि एक ओर जनता को खर्च कम करने की सलाह दी जाती है, वहीं दूसरी ओर विदेश दौरों में चॉकलेट बांटकर प्रचार किया जाता है।
आंदोलन के बाद पालघर कांग्रेस भवन में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित कर संगठन विस्तार और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की गई।

Share on:

Leave a Comment