बोईसर। पालघर जिले के बोईसर में शिव प्रताप सेना के तत्वावधान में श्रावण मास के पवित्र सोमवार की शाम भव्य शिव बाबा भजन संध्या एवं महाप्रसादी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिव भक्तों ने शामिल होकर भजनों का आनंद लिया और महाप्रसादी ग्रहण की।
भजन संध्या के दौरान कलाकारों ने भगवान शिव के एक से बढ़कर एक भक्ति भजनों की प्रस्तुतियां देकर माहौल को शिवमय बना दिया। श्रद्धालु भी भजनों पर झूमते और भगवान शिव की भक्ति में लीन नजर आए। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों एवं समाजसेवियों ने भी उपस्थित होकर आयोजन की शोभा बढ़ाई।

कार्यक्रम को सफल एवं व्यवस्थित बनाने में शिव प्रताप सेना पालघर जिला अध्यक्ष डूंगर सिंह राजपुरोहित, उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह राजपूत, सचिव दुर्ग सिंह राजपूत, कोषाध्यक्ष रमेश सिंह राजपूत एवं मीडिया प्रचारक महेंद्र सिंह राजपुरोहित का विशेष योगदान रहा। आयोजकों ने कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सभी कार्यकर्ताओं, अतिथियों एवं शिव भक्तों का आभार व्यक्त किया। देर शाम तक चले कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भक्ति और प्रसादी का लाभ लिया।






