पालघर : 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन में शहीद हुए पालघर तालुका के पांच स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति में आज पालघर के हुतात्मा चौक स्थित हुतात्मा स्तंभ पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। मान्यवरों ने हुतात्मा स्तंभ पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को नमन किया।
इस अवसर पर पालघर शहर की सभी बाजारपेठें बंद रहीं। 14 अगस्त 1942 को शहीद हुए काशिनाथ हरी पागधरे, गोविंद गणेश ठाकूर, रामप्रसाद भीमाशंकर तिवारी, सकूर गोविंद मोरे और रामचंद्र महादेव चूरी को श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम में सांसद डॉ. हेमंत सवरा, विधायक राजेंद्र गावित, पालघर नगराध्यक्ष उत्तम घरत, जिलाधिकारी डॉ. इंदू राणी जाखड, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज रानडे, पुलिस अधीक्षक यतिश देशमुख सहित अधिकारी, शहीदों के परिजन, नागरिक और बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी उपस्थित रहे।






