पालघर में 16 वर्षीय एक नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म का सनसनी खेज मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर बोईसर पुलिस ने मुस्लिम समुदाय के एक युवक के खिलाफ दुष्कर्म और पोस्को सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी रियाज शेख (24) ने इंस्ट्राग्राम पर दोस्ती कर प्रेम और विवाह का झांसा देकर पीड़िता को अपने जाल में फंसाया तथा बाद में उससे दुष्कर्म किया। मामले का खुलासा तब हुआ जब विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं से पीड़िता तथा उसके परिवार ने संपर्क किया।
इसके बाद संगठन के पदाधिकारियों की मदद से पीड़िता ने पुलिस थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।वहीं, विहिप के विभाग मंत्री चंदन सिंह ने कहा, “नाबालिग बेटियों को झूठे प्रेमजाल में फंसाकर उनका शोषण करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करे। विहिप नेता मुकेश दुबे ने इसे “लव जिहाद” का मामला बताते हुए कहा कि प्रेम और विवाह का झांसा देकर नाबालिग बालिकाओं को निशाना बनाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। दुबे ने कहा कि विहिप और बजरंग दल पीड़िता तथा उसके परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं। जिला मंत्री जयेश घरत,काचू शेट्टी,दीपेश दांडेकर, आकाश नारखेडे, प्रभात ठाकूर,विजय शेट्टी, सागर शर्मा मौजूद रहे। पुलिस ने आरोपी पर केस दर्ज उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
एक के बाद एक मामले से बढ़ी चिंता
दहानू के चर्चित दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग प्रकरण के बाद अब बोईसर में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आने से जिले में हड़कंप मचा हुआ है। हिंदू संगठनों का कहना है कि लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने चिंता बढ़ा दी है। विहिप और बजरंग दल ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ त्वरित एवं कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि बेटियों की सुरक्षा से कोई समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।






