पालघर के कुडूस मंडल में रविवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से कार्यकर्ता सम्मेलन एवं सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 500 से अधिक लोगों ने भाजपा की नीतियों में विश्वास जताते हुए पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
कार्यक्रम में सांसद डॉक्टर हेमंत विष्णु सवरा, भाजपा जिला अध्यक्ष भरत राजपूत, उत्तर भारतीय मोर्चा के जिला अध्यक्ष आर.बी. सिंह तथा जिला महासचिव तुषार साबू की उपस्थिति रही। इस अवसर पर उत्तर भारतीय मोर्चा के जिला अध्यक्ष आर.बी. सिंह ने नए पदाधिकारियों की घोषणा की। जय किशोर सिंह को जिला उपाध्यक्ष, चंदन ठाकुर, अरविंद अशोक गुप्ता एवं रामसागर भोलासिंह कुशवाहा को जिला सचिव नियुक्त किया गया। वहीं, बोइसर मंडल के पवन उपाध्याय को भी जिला सचिव का दायित्व सौंपा गया।
कार्यक्रम के दौरान उत्तर भारतीय मोर्चा के नवनियुक्त पदाधिकारियों ने सांसद डॉक्टर हेमंत विष्णु सवरा को बेटेगांव स्थित रूप रजत पार्क–टाटा हाउसिंग क्रॉसिंग पर संभावित सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए स्पीड ब्रेकर, स्ट्रीट लाइट एवं ज़ेब्रा क्रॉसिंग की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। सांसद डॉक्टर हेमंत विष्णु सवरा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मंच से ही एमआईडीसी के संबंधित अभियंता से दूरभाष पर संपर्क कर आवश्यक कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। सांसद की त्वरित कार्रवाई पर कार्यकर्ताओं ने उनका आभार व्यक्त किया।






