पालघर के बोईसर पूर्व के इलाकों में वर्षों से सड़क, नाला, पेयजल, सफाई और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर 10 जुलाई को प्रस्तावित जनआंदोलन आखिरकार टल गया। पालघर के सांसद डॉ. हेमंत सवरा की पहल पर हुई बैठक में ग्राम पंचायत ने नागरिकों की प्रमुख मांगों पर दो से तीन माह के भीतर चरणबद्ध तरीके से विकास कार्य शुरू करने का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद सामाजिक कार्यकर्ता चंदन सिंह और स्थानीय नागरिकों ने फिलहाल आंदोलन वापस लेने की घोषणा की। बता दें कि बोईसर पूर्व के यादव नगर, धनानी नगर, श्रीराम नगर, थावर पाड़ा, दांडी पाड़ा समेत करीब 50 हजार आबादी वाले क्षेत्रों की बदहाल स्थिति को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर में टूटी सड़कें, उफनते गटर, जलभराव, गंदगी, पेयजल संकट और स्ट्रीट लाइट जैसी समस्याओं को उजागर किया गया था। और मामला जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के स्तर पर गंभीरता से उठाया गया।
यादव नगर स्थित श्री रघुवीर हाई स्कूल एंड जूनियर कॉलेज में सांसद डॉ. हेमंत सावरा की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में नागरिकों ने अपनी समस्याएं विस्तार से रखीं, जबकि ग्राम पंचायत की ओर से विकास कार्यों की रूपरेखा प्रस्तुत की गई। बैठक के बाद सरपंच दिलीप धोडी और ग्राम विकास अधिकारी कमलेश संखे ने सामाजिक कार्यकर्ता चंदन सिंह सहित नागरिकों को लिखित पत्र सौंपते हुए सड़क, गटर, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और सफाई व्यवस्था से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का भरोसा दिया।
ग्राम पंचायत ने पत्र में बताया कि आंतरिक सड़कों की मरम्मत शुरू कर दी गई है। स्थायी सड़क निर्माण के लिए विभिन्न शासकीय योजनाओं के माध्यम से प्रस्ताव भेजे गए हैं। पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण की योजना के तहत नई पानी की टंकियां स्वीकृत हो चुकी हैं। इसके अलावा गटर निर्माण, जल निकासी व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, सोलर लाइट, रेलिंग तथा ठोस कचरा प्रबंधन के कार्य भी प्राथमिकता से किए जाएंगे। धनानी नगर, यादव नगर, कृष्णा नगर, महावीर नगर, शास्त्री नगर और अन्य क्षेत्रों के कई विकास कार्यों की सूची भी ग्राम पंचायत ने जारी की है।
सांसद बोले विकास में किसी क्षेत्र के साथ भेदभाव नहीं होगा
सांसद डॉ. हेमंत सवरा ने कहा, बोईसर पूर्व के नागरिकों की मूलभूत सुविधाएं हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। विकास में किसी भी क्षेत्र के साथ भेदभाव नहीं होने दिया जाएगा। ग्राम पंचायत और संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं। मैं स्वयं इन विकास कार्यों की नियमित समीक्षा करूंगा, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।
वहीं सामाजिक कार्यकर्ता चंदन सिंह ने कहा कि ग्राम पंचायत ने पहली बार लिखित रूप में समयबद्ध आश्वासन दिया है। जनता के हित में आंदोलन वापस लिया गया है।






