पालघर के प्रसिद्ध दाभोसा वॉटरफॉल का स्काय वॉक 15 अगस्त को होगा शुरू, जानिए खासियत…

पालघर: जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल दाभोसा वॉटरफॉल स्थित स्काय वॉक पुल का उद्घाटन 15 अगस्त 2026 को करने की तैयारी है। इसे लेकर पालकमंत्री गणेश नाईक की अध्यक्षता में 6 अगस्त को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्काय वॉक की सुरक्षा और पर्यटकों की सुविधाओं को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।

पालकमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी दुर्घटना का इंतजार किए बिना सभी सुरक्षा उपाय तत्काल पूरे किए जाएं। 15 अगस्त से पहले पार्किंग, लेन मार्किंग और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

साथ ही सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से उद्घाटन कार्यक्रम को सुचारू रूप से पूरा करने को कहा गया। वन विभाग को भी पर्यटन स्थल पर सक्रिय भूमिका निभाने, नियमित निरीक्षण करने और आवश्यकता के अनुसार वनरक्षकों की नियुक्ति करने के निर्देश दिए गए हैं।

एक समय में कितने पर्यटक? तय होगी क्षमता और समय

स्काय वॉक पर एक समय में क्षमता के अनुसार कितने पर्यटकों को प्रवेश दिया जाए, प्रत्येक बैच के लिए कितना समय निर्धारित हो और प्रवेश शुल्क कितना रखा जाए, इसका नियोजन करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।

उद्घाटन से पहले प्रवेश पर पूरी तरह रोक

उद्घाटन से पहले कुछ लोगों को स्काय वॉक पर प्रवेश दिए जाने की जानकारी सामने आने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। 15 अगस्त को आधिकारिक उद्घाटन होने तक किसी को भी स्काय वॉक पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। संबंधितों की जिम्मेदारी तय कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं।

स्काय वॉक के उद्घाटन की तैयारियों और तकनीकी व सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को पूरा करने की जिम्मेदारी सार्वजनिक निर्माण विभाग (जव्हार) को दी गई है। बैठक में पालकमंत्री गणेश नाईक, पालघर लोकसभा सदस्य हेमंत सवरा, विक्रमगढ़ विधायक हरिश्चंद्र भोये, जिलाधिकारी इंदू रानी जाखड़, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज रानडे, पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख सहित वन विभाग, आदिवासी विकास विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग और जिला नियोजन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Share on:

Leave a Comment