पालघर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पालघर के पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख को प्रतिष्ठित ‘वीरता पदक (Gallantry Medal)’ से सम्मानित किया है। यह सम्मान उन्हें गढ़चिरौली जिले में नक्सलियों के खिलाफ चलाए गए साहसिक ऑपरेशन में अदम्य वीरता और नेतृत्व के लिए प्रदान किया गया है।
गढ़चिरौली पुलिस बल में कार्यरत रहते हुए 13 मई 2024 को कत्रंगट्टा जंगल क्षेत्र में नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में यतीश देशमुख ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। करीब 20 से 25 नक्सलियों ने अचानक पुलिस टीम पर हमला कर गोलीबारी शुरू कर दी थी।
उस समय अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) के रूप में तैनात यतीश देशमुख ने बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अपनी टीम के साथ नक्सलियों का बहादुरी से मुकाबला किया और ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। उनके उल्लेखनीय साहस और कर्तव्यनिष्ठा को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने उन्हें वीरता पदक से सम्मानित किया है। इस उपलब्धि पर पुलिस विभाग में खुशी का माहौल है और पालघर जिले के लिए भी यह गौरव की बात मानी जा रही है।






