पालघर : जिले के विरार में रामनवमी पर बवाल हो गया। यहां निकल रही बाइक रैली पर उपद्रवियों ने अंडे फेंके। इससे इलाके में तनाव फैल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ शरारत और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ के लिए एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
मिडिया रिपोर्ट के मुताबिक रामनवमी पर सकल हिंदू समाज की बाइक रैली चिखलडोंगरी के सर्वेश्वर मंदिर से शुरू हुई थी। रैली में लगभग 100 से 150 मोटरसाइकिल, एक रथ और दो टेंपो शामिल थे, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया। विरार (पश्चिम) के ग्लोबल सिटी में पिंपलेश्वर मंदिर के रास्ते में रैली में शामिल कुछ मोटरसाइकिल सवार साइड स्ट्रीट से जा रहे थे। उन पर अचानक पास की एक इमारत से अंडे फेंके गए। इससे भक्तों में गुस्सा भड़क गया और इलाके में माहौल तनावपूर्ण हो गया।
सूचना मिलने के बाद बोलिंज पुलिस स्टेशन के कर्मी मौके पर गए और स्थिति को नियंत्रण में किया। पुलिस ने सार्वजनिक उपद्रव और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है और इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है। अधिकारियों ने लोगों से शांत रहने और सोशल मीडिया पर कोई भी गलत जानकारी न फैलाने की अपील की है, जिससे तनाव बढ़ सकता है।