अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आकाशवाणी विविध भारती से प्रसारित होगी पालघर पीठाधीश्वर की विशेष योग वार्ता

मुंबई :अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर आयोजित 100 दिवसीय योग महोत्सव के अंतर्गत पालघर पीठाधीश्वर ब्रह्मर्षि योगीराज श्री भारत भूषण भारतेंदु जी महाराज की विशेष योग वार्ता का प्रसारण 20 जून 2026 को प्रातः 11:30 बजे आकाशवाणी के विविध भारती नेटवर्क पर देशभर में किया जाएगा।
इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की वैश्विक थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग (Yoga for Healthy Ageing)” को केंद्र में रखकर तैयार किए गए इस विशेष कार्यक्रम में योग, प्राणायाम, ध्यान, संगीत और भारतीय जीवन शैली पर प्रेरणादायक चर्चा प्रस्तुत की गई है।


कार्यक्रम के दौरान विविध भारती के निदेशक जुबेर खान तथा वरिष्ठ उद्घोषक युनुस खान ने योगीराज श्री भारत भूषण भारतेंदु जी महाराज का स्वागत एवं सम्मान किया। इस अवसर पर योग को जन-जन तक पहुंचाने, निरोग एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने तथा भारतीय संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन पर सारगर्भित संवाद हुआ।
इस विशेष वार्ता की प्रमुख विशेषता योग, ध्यान और बांसुरी संगीत का अनूठा समन्वय है। योगीराज श्री भारत भूषण भारतेंदु जी महाराज ने बताया कि बांसुरी की मधुर ध्वनि के साथ किया गया ध्यान मन को एकाग्र, शांत और आनंदमय बनाता है तथा मानसिक तनाव को कम करने में अत्यंत सहायक सिद्ध होता है।
आयोजकों ने विश्वास व्यक्त किया है कि यह विशेष प्रसारण विविध भारती के करोड़ों श्रोताओं के लिए प्रेरणादायक और स्वास्थ्यवर्धक साबित होगा तथा योग को जन-आंदोलन बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
पालघर पीठ एवं श्री हरि नारायण सेवा संस्थान ने देश-विदेश के सभी योग प्रेमियों और नागरिकों से अपील की है कि वे 20 जून 2026 को प्रातः 11:30 बजे आकाशवाणी विविध भारती पर इस विशेष योग वार्ता को अवश्य सुनें तथा अपने परिवार, मित्रों और परिचितों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि अधिक से अधिक लोग योग, ध्यान और भारतीय जीवन-दर्शन का लाभ प्राप्त कर सकें।

Share on:

Leave a Comment